कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज मुंगेली में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ का आयोजन
सत्यमत-

मुंगेली/बी.आर.एस.एम. कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग, मुंगेली में 7 नवम्बर 2025 को “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन से हुई, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति की भावना व्याप्त हो गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के (डीन) डॉ. जितेन्द्र सिन्हा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में “वंदे मातरम्” गीत की उत्पत्ति, उसके ऐतिहासिक महत्व तथा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह गीत केवल एक रचना नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति समर्पण और गर्व की भावना का प्रतीक है।
इसके पश्चात कॉलेज के चौथे वर्ष के छात्र-छात्राएँ शिवानी गोंडी और हर्षित राज ने अपने विचार प्रस्तुत किए। दोनों वक्ताओं ने इस गीत के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और एकता के संदेश को रेखांकित किया तथा युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ई. अनुराग श्रीवास्तव (कार्यक्रम संयोजक) ने अपने संबोधन में “वंदे मातरम्” की भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत उस युग के क्रांतिकारियों और देशभक्तों के लिए प्रेरणास्रोत बना, जिसने स्वतंत्रता की ज्योति को प्रज्वलित रखा।
इस अवसर पर कॉलेज के सभी प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।



