सत्यमत-भटगांव। घठोल देवता समिति भटगांव द्वारा लगातार सातवें वर्ष पौधरोपण अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने भटगांव के नहर मार्ग पर नीम, कदम, बादाम और आम सहित विभिन्न प्रजातियों के 25 पौधे रोपे। पौधों की सुरक्षा के लिए उनके आसपास ट्री गार्ड भी लगाए गए।
समिति के अध्यक्ष विकास पाण्डेय ने बताया कि समिति द्वारा पिछले छह वर्षों से लगातार गांव में पौधरोपण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गांव में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण से आने वाले वर्षों में गांव को हराभरा बनाने में मदद मिलेगी।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान सरपंच चोवाराम ओगरे ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण है। अधिक संख्या में पेड़ होने से भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
इस अवसर पर वैभव पाण्डेय, दिनेश शर्मा, मोहित तिवारी, गोविन्द ओगरे, भीखम साहू, ओम प्रकाश साहू, राकेश दुबे, भरत साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।