छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत लोरमी में किसानों को जैविक खेती की दिशा में किया गया प्रेरित
आत्मा योजना के तहत लोरमी में संपन्न हुआ किसान मेला, जैविक खेती बनी आकर्षण का केंद्र

सत्यमत-

रजत महोत्सव 2025: किसानों को जैविक खेती अपनाने किया गया प्रेरित
मुंगेली ➡ छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत महोत्सव के अंतर्गत, आत्मा (एग्रीकल्चरल टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी) योजना के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला एवं कृषक संगोष्ठी का आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण, सारधा लोरमी में संपन्न हुआ। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किसान मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीनतम योजनाओं और जैविक खेती के लाभों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया।

किसान मेला में कृषि विज्ञान केन्द्र, पशु चिकित्सा, उद्यानिकी, मत्स्यपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को विभागीय योजनाओं, तकनीकी जानकारियों एवं संसाधनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आत्मा योजनांतर्गत पंजीकृत समूह गौठान सेवा समिति झझपुरीकला द्वारा वर्मी कम्पोस्ट, वर्मी वॉश, ब्रम्हास्त्र और जैविक कीटनाशकों की जीवंत प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, किसानों को स्प्रेयर, पीएम किसान कार्ड, सॉयल हेल्थ कार्ड, फसल बीमा कार्ड, सब्जी मिनीकिट एवं आइस बॉक्स का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक गुरमीत सलुजा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कृषि विभाग से श्रीमती ललिता मरावी, सुभाष सोनी सहायक संचालक कृषि, आर.एल.डहरे वरिष्ठ उद्यान अधिकारी, धनन्जय कुर्रे वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, श्रीमती निवेदिता गवेल डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा मुंगेली, डॉ शिव पटेल पशु चिकित्सा अधिकारी, सुभाष बंजारे मत्स्य निरीक्षक सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारीगण और बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।




