शासकीय उ.मा.वि. छटन में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह सम्पन्न
सत्यमत-मुंगेली / शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य ए.डी. अंचल एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व सरपंच शकुंतला साहू उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्राचार्य ए.डी. अंचल ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर संघर्ष और सतत परिश्रम आवश्यक है। केवल इच्छाओं से सफलता नहीं मिलती, बल्कि असफलता यह दर्शाती है कि प्रयास पूरे मनोयोग से नहीं किए गए। विशिष्ट अतिथि शकुंतला साहू ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने की सीख दी।
व्याख्याता लालाराम घृतलहरे ने विद्यार्थियों को अच्छी संगति अपनाने तथा नशा एवं अन्य बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम अधिकारी मोहन उपाध्याय ने कहा कि किसी भी विषय का गहन अध्ययन कर ही उसकी वास्तविक समझ विकसित की जा सकती है, जिससे विद्यार्थी किसी भी विषय पर प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत कर सकें।
व्याख्याता एवं संगीतकार रविंद्र गुप्ता ने गीत “हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिए” के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। छात्र सुदीप कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षकों का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसे अपनाकर ही हम अपने लक्ष्य की प्राप्ति कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कुमारी भामनी पटेल एवं जैस्मिन द्वारा मधुर गीत तथा कुमारी रेणुका एवं साथियों द्वारा मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर अशोक सियारे, सुषमा गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, अमीन सोनवानी, लालाराम घृतलहरे, हेमचंद बारमते, भाऊराम साहू, लक्ष्मीनारायण जोशी, ज्योतिसिंह, राजकुमारी बंजारे, अनु साहू, मीरकंठ साहू, पूर्व सरपंच शकुंतला साहू, संतोष सप्रे, जेठू साहू, पुष्कर साहू, माधुरी प्रजापति सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रमिला मरकाम एवं राधिका गुप्ता द्वारा किया गया।







