सत्यमत-मुंगेली ➡ केशरवानी वैश्य समाज द्वारा रविवार को सामुदायिक भवन में गोत्राचार्य महर्षि कश्यप जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप एवं मां सरस्वती के शैलचित्र पर धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुई। समाज के लोगों ने महर्षि कश्यप के आदर्शों एवं उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
महर्षि कश्यप समारोह जयंती के अवसर पर केशरवानी वैश्य समाज द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सामुदायिक भवन से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मलाईघाट पहुंची। यहां समाज के प्रबुद्धजनों ने स्व.निरंजन प्रसाद केशरवानी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद शोभायात्रा पड़ाव चौक, गोल बाजार होते हुए वापस सामुदायिक भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान धूमाल और रामधुनी की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। धूमाल और रामधुनी की धुन पर समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चे उत्साह के साथ थिरकते नजर आए। पूरे मार्ग में जयंती को लेकर समाजजनों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का भी सहयोग रहा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में मदद मिली।
समारोह के दौरान केशरवानी वैश्य समिति द्वारा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में केशरवानी वैश्य महिला समिति की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
जयंती समारोह के दौरान समाज के लोगों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। वैश्य समाज के पदाधिकारी,महिला समिति के सदस्य,युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से समाज में एकजुटता, संस्कार एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।