Breaking News

जल संसाधन विभाग के एसडीओ कुमार डाहिरे सेवानिवृत्त, सहकर्मियों ने दी भावभीनी विदाई

पथरिया में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंटकर किया सम्मानित

सत्यमत-पथरिया / विकासखंड पथरिया में पदस्थ जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) कुमार डाहिरे के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग के स्टाफ ने उनके सेवाकाल में किए गए कार्यों को याद करते हुए शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया और भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कुमार डाहिरे के सेवाकाल में अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ किए गए कार्यों की सराहना की। शासकीय सेवा के दौरान उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया। उनका कार्यकाल विभाग के लिए प्रेरणादायी रहा है।

इस अवसर पर उनके सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार एवं सहकर्मियों के साथ मधुर संबंधों को भी याद किया गया। सहकर्मियों ने कहा कि कुमार डाहिरे ने अपने कार्यकाल में सभी के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखा और अपने अनुभवों से विभागीय कार्यों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विदाई समारोह के दौरान विभागीय स्टाफ के सभी सहयोगियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में भावुक माहौल में सभी कर्मचारियों ने कुमार डाहिरे को सेवानिवृत्ति के पश्चात जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Related Articles

Back to top button