Breaking News
सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान, विद्यार्थियों ने ली सतर्कता की शपथ
राष्ट्रीय एकता और ईमानदारी का लिया संकल्प, फास्टरपुर स्कूल में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

सत्यमत-फास्टरपुर / शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फास्टरपुर में वरिष्ठ व्याख्याता पी. घिर्रे के निर्देशन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। साथ ही सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत संकल्प एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामबाबू मिश्र ने बताया लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन, व्यक्तित्व तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराया गया। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
इस क्रम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-कर्मचारियों ने ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, नैतिकता, पारदर्शिता एवं कर्तव्यपरायणता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उन्हें नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध बनाना था। साथ ही समाज में ईमानदारी, जिम्मेदारी और पारदर्शी कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कमलेश भास्कर, श्रीमती कविता उपाध्याय, श्रीमती नीलिमा किरण मिंज, सुश्री ऐश्वर्या यादव, श्रीमती रंजनी कश्यप, सुश्री सोमिना जॉन, श्रीमती दयावती सहारे, देवेंद्र पटेल, भूपेंद्र कुर्रे, टीकाराम अंचल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।




