Breaking News
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: सामूहिक दवा सेवन अभियान 10 से 25 फरवरी तक
सत्यमत – मुंगेली / जिले में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन हेतु राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। जिले के तीनों विकासखंडों लोरमी, मुंगेली एवं पथरिया में 10 फरवरी से 25 फरवरी
2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में आज कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले के राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आर.एस. आयाम एवं डी.डी.ओ. सुपरवाइजर मिर्जा तौशेर अहमद बेग द्वारा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान दवा वितरण दल के सदस्य 10 से 12 फरवरी तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर लोगों को दवा का सेवन कराएंगे। प्रशिक्षण में फाइलेरिया बीमारी (हाथी पांव एवं हाइड्रोसील) से बचाव हेतु दवा सेवन के महत्व, संभावित प्रभावों तथा सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रणेश मेश्राम,पी.सी.आई. संस्था से प्रतिनिधि, व्ही.बी.डी. तथा सी.एल.एफ. के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।






