Breaking News

नवपदस्थ डीईओ का स्काउट-गाइड जिला संघ ने किया सम्मान

प्राथमिक से हायर सेकेंडरी तक शनिवार को होंगी स्काउट-गाइड गतिविधियां

सत्यमत-मुंगेली ➡जिले में नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.एल. पटेल का भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के पदाधिकारियों ने आत्मीय सम्मान किया। जिला शिक्षा अधिकारी कक्ष में आयोजित बैठक में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, प्रशिक्षण केंद्र के संचालन और जिला संघ की कार्यकारिणी में रिक्त पदों पर नियुक्ति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स डॉ. एम.एल. पटेल ने कहा कि जिले के सभी शासकीय एवं संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को विद्यालयों में स्काउट-गाइड की गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी।
प्राथमिक शालाओं में कब-बुलबुल तथा पूर्व माध्यमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

इसके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के नवीन प्रशिक्षण केंद्र को जिला संघ की गतिविधियों के लिए उपयोग में लाने तथा वहां आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा जिला संघ की कार्यकारिणी में रिक्त पदों पर शीघ्र नवीन नियुक्तियां करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

जिला संघ की आगामी बैठक में जिले के सभी प्राचार्यों एवं स्काउटर-गाइडरों को शामिल करने तथा संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला संघ अध्यक्ष जेठमल कोटड़िया, जिला मुख्य आयुक्त राणा प्रताप सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, शैलेंद्र तिवारी एवं रामशरण यादव, जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार यादव, जिला मुख्यालय आयुक्त अशोक सोनी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त राजेंद्र दिवाकर, जिला सचिव एवं जिला संगठन आयुक्त मोनू बेलदार, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती सृष्टि शर्मा,विजय वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button