Breaking News

जिले के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में विकसित होंगे किचन गार्डन

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति अभियान को मिलेगा नया आयाम, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर

सत्यमत-मुंगेली / कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने जिला पंचायत सभागार में जिले शिक्षा विभाग अधिकारियों डीईओ, डीएमसी, बी ई ओ संकुल प्राचार्यों, खंड स्रोत समन्वयकों एवं की बैठक ली ।

सीईओ रावटे ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसरों में अहाता निर्माण, किचन गार्डन हेतु भूमि एवं जल स्रोत की उपलब्धता तथा फलदार एवं उपयोगी पौधों के रोपण की योजना पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मुंगेली जिले को किचन गार्डन के मॉडल जिले के रूप में विकसित करने का प्रयास करें।

बैठक में सहायक संचालक उद्यानिकी सुश्री भगवती साहू ने विद्यालयों में किचन गार्डन के प्रभावी विकास के लिए तकनीकी सुझाव एवं आवश्यक जानकारी साझा की।

सीईओ रावटे ने ’90 प्लस शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन अभियान’ की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में जिले के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में हुए उल्लेखनीय सुधार को आगे बढ़ाते हुए अब मुंगेली को प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने जिला स्तर पर तैयार कार्ययोजना के अनुरूप इसी माह से सभी विद्यालयों में गुणवत्ता सुधार संबंधी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने बैठक के एजेंडे के अनुरूप विद्यालयों में किचन गार्डन विकास, मरम्मत योग्य एवं जर्जर विद्यालय भवनों, निशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण, बालिका शौचालयों की उपलब्धता, निशुल्क पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग एवं वितरण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, ड्रॉपआउट एवं दिव्यांग बच्चों की जानकारी सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी । बैठक में विद्यालयों में वीएसके ऐप के माध्यम से शिक्षक एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों की उपस्थिति एवं मॉनिटरिंग, मर्ज स्कूल, स्टूडेंट प्रोग्रेशन, शिक्षकों की समय पर उपस्थिति, यू-डाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की जानकारी अद्यतन करने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में प्राचार्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

बैठक में जिला मिशन समन्वयक अशोक सोनी, खंड शिक्षा अधिकारी पथरिया डॉ. प्रतिभा मंडलोई, खंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली श्रीमती विमित्रा धृतलहरे, खंड शिक्षा अधिकारी लोरमी श्रीमती मनीषा पाटले, समग्र शिक्षा के एपीसी सहित सभी खंड स्रोत समन्वयक एवं जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button