77वें गणतंत्र दिवस पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में भव्य आयोजन
सत्यमत-मुंगेली / लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के 150 वर्षगांठ के पावन अवसर को विशेष रूप से मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच लुमेश सप्रे रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत एक अरब 40 करोड़ की विशाल आबादी वाला देश है, जो अनेकता में एकता की अद्वितीय विशेषता को संजोए हुए है। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 1950 को जब देश का संविधान लागू हुआ था, उस समय भारत की जनसंख्या लगभग 36 करोड़ थी, जो आज बढ़कर 136 करोड़ हो चुकी है।
मुख्य अतिथि ने विकसित भारत की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में लाने का संकल्प लिया गया है, जिसे पूरा करने के लिए अंतिम व्यक्ति और अंतिम ग्राम तक पहुंचकर कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुमारी आरती एवं चांदनी द्वारा बस्तर हीन बाला पर मधुर गीत की प्रस्तुति दी गई। वहीं जास्मीन एवं शांति ने अमर पान के पतरी पर सुंदर जसगीत प्रस्तुत किया। नव्या साहू द्वारा तिरंगा अमर रहे गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।
कुल स्तरीय सम्मान एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत संकुल के उत्कृष्ट शिक्षकों को सरपंच
श्लुमेश सप्रे, एसएमडीसी अध्यक्ष कमलेश प्रजापति, संकुल समन्वयक नंदराम मरकाम एवं प्राचार्य श्री ए.डी. अंचलके द्वारा शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में उमाकांत मिरी, मोहन उपाध्याय, जय सिंह मरकाम, बलदाऊ साहू, सुधीर सोनी,नोगेंद्र उपाध्याय, महेंद्र शर्मा, झमेश पटेल, अमीन सोनवानी, अशोक सियारे, लालाराम घृतलहरे, लक्ष्मी नारायण जोशी, कमल सिन्हा, लोकेश पाटले, श्रीमती सुषमा गुप्ता, ज्योतिसिंह, श्रीमती राजकुमारी बंजारे, हेमचंद्र बारमते एवं भाऊराम साहू शामिल रहे।
विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के अंतर्गत कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी प्रमिला मरकाम एवं कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले भगवती साहू को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
खेलकूद में राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले चंद्र कुमार निषाद एवं हीरालाल को भी मेडल प्रदान किए गए।
मुंगेली जिले में आयोजित एकता रैली में विशेष भूमिका निभाने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना के दलनायक ऋतुराज पटेल एवं स्वयंसेवकों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं गौ सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रमिला मरकाम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रिधिका गुप्ता को मेडल प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को एसएमडीसी अध्यक्ष श्री कमलेश प्रजापति द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कुमंत साहू, श् मोहित डाहिरे, श्री गणपत सोनकर एवं श्रीमती कोमल साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, ग्राम के नागरिक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









