बीआरसी केंद्र पथरिया में सीएसी की आवश्यक बैठक, परीक्षा पे चर्चा व अपार आईडी पर दिए गए निर्देश
सत्यमत-पथरिया – बीआरसी केंद्र पथरिया में संकुल शैक्षिक समन्वयकों (सीएसी) की एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रतिभा मंडलोई एवं एपीसी समग्र शिक्षा बड़गिया के मार्गदर्शन व निर्देशानुसार संपन्न हुई।
बैठक में “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस संबंध में सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों को अपने-अपने संकुल अंतर्गत विद्यालयों में व्यापक पंजीयन हेतु ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जाए, ताकि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्रत्येक छात्र तक पहुंच सके। इस लक्ष्य की पूर्ति हेतु सीएसी को सतत निगरानी एवं समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
बैठक के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया। अंत में सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों से अपेक्षा की गई कि वे निर्धारित लक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विकासखंड पथरिया अंतर्गत सभी संकुलों के सीएसी उपस्थित रहे।





