Breaking News

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विवेकानंद विद्यापीठ में गणतंत्र दिवस समारोह

सत्यमत- मुंगेली / प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर के हृदय स्थल में स्थित विवेकानंद विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान, राजकीय गीत का गायन हुआ तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद एवं मां शारदे के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर तिलक, श्रीफल भेदन एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, लोकगीत, नाटक, कविता, भाषण आदि के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं सांस्कृतिक चेतना का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा।

इस अवसर पर विद्यालय में समय-समय पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कंचा दौड़ में बालक वर्ग से आदित्य प्रजापति (प्रथम) एवं पुनीत गोस्वामी (द्वितीय), बालिका वर्ग से रिया साहू (प्रथम) एवं महक यादव (द्वितीय) रहे।

नींबू दौड़ में बालक वर्ग में डिगेश निर्मलकर (प्रथम) एवं उज्ज्वल यादव (द्वितीय), बालिका वर्ग में मुस्कान पात्रे (प्रथम) एवं सृष्टि यादव (द्वितीय) ने स्थान प्राप्त किया।

लंबी दौड़ में बालक वर्ग से लवकुमार साहू (प्रथम) एवं दुष्यंत सोनकर (द्वितीय), बालिका वर्ग से भावेश्वरी साहू (प्रथम) एवं अर्पिता पैकरा (द्वितीय) विजेता रहीं।

कुर्सी दौड़ में बालक वर्ग से केतन कुम्भकार (प्रथम) एवं खुशाल देवांगन (द्वितीय), बालिका वर्ग से सृष्टि यादव (प्रथम) एवं चंचल यादव (द्वितीय) रहे।

बोरा दौड़ में बालक वर्ग से केतन कुम्भकार (प्रथम) एवं हेमराज ओगरे (द्वितीय), बालिका वर्ग से रितु सोनकर (प्रथम) एवं महक यादव (द्वितीय) ने सफलता प्राप्त की।

इसके अतिरिक्त विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उच्च माध्यमिक स्तर पर नेहा साहू (प्रथम), नामिनी साहू (द्वितीय) एवं रितु साहू (तृतीय) तथा प्राथमिक स्तर पर मोक्ष यादव (प्रथम), सुरभि यादव (द्वितीय) एवं लवकुमार साहू (तृतीय) स्थान पर रहे।

कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के प्राचार्य पारथ कुलमित्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती कोमल शर्मा, विद्यालय अध्यक्ष सुखनंदन यादव, सचिव स्वारथ कुलमित्र, पं. रविशंकर शर्मा, तिरथाराम साहू, जीवन कैवर्त्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button