स्वास्थ्य योजनाओं एवं फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की समीक्षा: कलेक्टर कुन्दन कुमार ने धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सत्यमत-मुंगेली / कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सामूहिक दवा सेवन अभियान की समीक्षा बैठक लेकर प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने धीमी उपलब्धि वाले सुपरवाइजर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में निवास सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सामूहिक दवा सेवन अभियान की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों को दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर दिया जाए तथा खंड चिकित्सा अधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कम प्रगति वाले सेक्टर प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक में आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना तथा आभा आईडी निर्माण की लक्ष्य के विरुद्ध कम उपलब्धि पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विकासखंड लोरमी के अंतर्गत शासकीय भवनों में संचालित उप स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव सुविधा सुदृढ़ करने के लिए महिला स्वास्थ्य कर्मियों की पदस्थापना हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालपुर (विकासखंड लोरमी) में चिकित्सा अधिकारी की पदस्थापना के निर्देश भी दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया में प्रसव की कम संख्या पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए सेवाओं में सुधार और गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सप्ताह में दो दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया में सेवाएं देने के निर्देश दिए। साथ ही पथरिया विकासखंड में संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रमों की कम प्रगति पर भी नाराजगी जताई गई। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया में प्रसव सुविधा बढ़ाने के लिए ऑपरेशन थिएटर (ओटी) निर्माण हेतु प्रस्ताव राज्य कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





