प्रकृति के करीब, स्वास्थ्य के लिए ट्रेक” : वनमंडल मुंगेली द्वारा खुडिया क्षेत्र में ट्रेकिंग कार्यक्रम 28 फरवरी को
शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास
सत्यमत-मुंगेली / वनमंडल मुंगेली द्वारा 28 फरवरी 2026 को वन परिक्षेत्र खुडिया अंतर्गत ट्रेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। “प्रकृति के करीब, स्वास्थ्य के लिए ट्रेक” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के तहत ट्रेकिंग का प्रारंभ दुल्लापुर से होगा और समापन खुडिया रानी मंदिर में किया जाएगा। लगभग 04 किलोमीटर की यह ट्रेकिंग प्रातः 07 बजे से शुरू होगी।
आयोजन में 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। वनमंडल प्रशासन के अनुसार वर्तमान समय में युवा वर्ग सोशल मीडिया पर अधिक समय व्यतीत कर रहा है, जिससे उनका प्रकृति और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ाव कम हो रहा है। ऐसे में इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को प्राकृतिक वातावरण में लाकर उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रेकिंग के दौरान प्रतिभागियों को वन क्षेत्र की जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य एवं स्थानीय जीवनशैली को निकट से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के पंजीकरण के लिए इच्छुक प्रतिभागी 26 फरवरी 2026 तक गूगल फॉर्म अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। यह ट्रेकिंग कार्यक्रम केवल 100 प्रतिभागियों के लिए सीमित है। जल्दी ही क्यू आर के माध्यम से रजिस्टेशन करें और इसका हिस्सा बनें। वनमंडलाधिकारी मुंगेली ने जिलेवासियों से अपील की है कि कार्यक्रम में भाग लेकर प्रकृति संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं।






