किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सत्यमत-मुंगेली / किसानों की लगातार बढ़ती समस्याओं और आवश्यक मांगों के समाधान की मांग करते हुए भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष विवेकानंद साहू ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में कई तरह की अनियमितताएँ सामने आ रही हैं, जिनका तत्काल निराकरण आवश्यक है।
ज्ञापन में कहा गया कि सभी उपार्जन केन्द्रों में धान की तौल प्रति बोरा 40.700 किलोग्राम के निर्धारित मानक के अनुसार ही की जाए। साथ ही, केन्द्रों से धान का उठाव अत्यधिक धीमी गति से हो रहा है, जिसे शीघ्र करवाने की आवश्यकता है। धान बिक्री के लिए वारिसान पंजीयन फिलहाल बंद है, जिससे किसानों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने इसे तत्काल पुनः शुरू करने की मांग रखी।
इसके अलावा, जिला सहकारी बैंकों में किसानों के लिए राशि आहरण की साप्ताहिक सीमा 25 हजार रुपये तय है, जो उनकी जरूरतों के हिसाब से अपर्याप्त है। संघ ने इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति सप्ताह करने की मांग की। टोकन की दैनिक लिमिट को भी 700 क्विंटल से बढ़ाकर 1500 क्विंटल किए जाने की आवश्यकता जताई गई।
किसानों ने यह भी शिकायत की कि उपार्जन केन्द्रों में कुछ हमाल किसानों से तौलाई और बोरे खाली करने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। इस पर रोक लगाने तथा तत्काल जांच कर कार्रवाई करने की मांग ज्ञापन में शामिल की गई है। साथ ही, एग्रीटेक पंजीयन, किसान पंजीयन, रकबा संशोधन सहित कई तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए खरीद केंद्रों पर ही शिविर लगाकर निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया।
भारतीय किसान संघ ने जिला कलेक्टर से अनुरोध किया है कि किसानों की इन समस्याओं और मांगों पर शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि उपार्जन सीजन के दौरान किसानों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष विवेकानंद साहु जिला मंत्री अश्वाराम अनंत उपाध्यक्ष देवराज ठाकुर गया प्रसाद कोशरिया अजित जांगड़े विनायक ठाकुर नोबेल वर्मा व बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे







