Breaking News

गोचर भूमि पर अवैध कब्जे का मुद्दा गरमाया, गौवंश संरक्षण को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग

गोचर भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।

सत्यमत-बिलासपुर/मुंगेली / गोवंश संरक्षण और गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर विश्व हिंदू सेवा दल द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जिले की गोचर भूमि का सर्वे कर उन्हें विधिवत चिन्हित करने, अवैध कब्जों को हटाने तथा गौवंश के संरक्षण हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की गई है।

संस्था ने बताया कि मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत सरगांव क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर भटकते दिखाई देते हैं, जिससे लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और गौवंश की असामयिक मौत का खतरा बना रहता है। इसके पीछे प्रमुख कारण गोचर भूमि पर हो रहा अवैध कब्जा बताया गया है, जिससे मवेशियों के लिए पर्याप्त चरागाह उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

ज्ञापन में विशेष रूप से सरगांव क्षेत्र की गोचर भूमि पर अब्दुल मन्नान खान द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए अवैध कब्जे की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

प्रमुख मांगें

जिले की समस्त गोचर भूमि का सर्वे कर विधिवत चिन्हांकन किया जाए।

गोचर भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।

गोवंश के संरक्षण हेतु ठोस एवं दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाई जाए।

राष्ट्रीय राजमार्ग एवं मुख्य मार्गों पर भटक रहे गौवंश की सुरक्षा के उपाय किए जाएं।

दोषियों के विरुद्ध राजस्व एवं अन्य प्रासंगिक अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई हो।

संस्था ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष से द्वेष नहीं, बल्कि गोवंश संरक्षण और शासन द्वारा गोचर हेतु आरक्षित भूमि का जनहित में उपयोग सुनिश्चित करना है। साथ ही जिले व राज्य की सभी गौसेवा से जुड़ी सामाजिक संस्थाओं से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की गई है।

ज्ञापन में कहा गया कि यदि गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त हो जाती है तो गौवंश को पर्याप्त चारा मिलेगा, किसानों की फसलों को नुकसान नहीं होगा और सड़कों पर भटकने से होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

संस्था ने प्रशासन से इस गंभीर विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button