Breaking News

मुंगेली में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

सत्यमत –मुंगेली/होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से नगर के सिटी कोतवाली प्रांगण में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन,जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि होली खुशियों और मेल-मिलाप का पर्व है,जिसे सभी वर्गों को मिलजुलकर शांति एवं सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रेषित करते हुए कहाकि होली जैसे पावन पर्व पर सभी नागरिकों को आपसी प्रेम,भाईचारे एवं सामाजिक एकता का परिचय देना चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की विवादित गतिविधियों से दूर रहें तथा प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था,यातायात नियंत्रण,साफ-सफाई एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस एवं प्रशासन की टीम सतत निगरानी रखेगी।

अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने होली पर्व को शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।

इस दौरान मुंगेली पुलिस द्वारा शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारा के साथ होली त्यौहार मनाए जाने की अपील की गई है वही नशेडियों,हुड़दंगियों,नशे की हालत में तीन सवारी बाइक चलाने वालों और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्यवाही किए जाने की बात कही है

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा,अति.पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी,एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े,अतिरिक्त तहसीलदार चंद्रकांत राही,नायब तहसीलदार हरीश यादव शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,योगेश शर्मा,मकबूल खान,अमितेश आर्य,भूपेंद्र सिंह ठाकुर,अनिल पात्रे,पार्षद विनय चोपड़ा,संजय चंदेल,कुलदीप पाटले,अजय साहू,रोशन सोनी,रवि कोशले नीरज यादव,रवि शुक्ला,रोहित कश्यप,नीलकमल सिंह,अलीम मिर्जा,निखिलेश लाल,फलित जांगड़े,मनोज अनंत,आशीष भोई पटवारी,एसआई प्रकाश साहू,बिजली विभाग से मनोज वर्मा,रविकांत ठाकुर सहित पुलिस विभाग एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button