Breaking News

सतनाम भवन दाऊपारा में संघ स्वयंसेवकों ने श्रद्धा व समरसता के साथ मनाई बाबा गुरु घासीदास जयंती

सत्यमत-मुंगेली। संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को दाऊपारा स्थित सतनाम भवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मुंगेली के स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धा, समरसता और सद्भाव का प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बाबा गुरु घासीदास जी के महान संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना तथा ‘मनखे-मनखे एक समान’ की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गुरु घासीदास जी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन से की गई। स्वयंसेवकों ने श्रीफल एवं पुष्प-माला अर्पित कर सामूहिक आरती की। वातावरण भक्ति, अनुशासन और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। इसके पश्चात बाबा जी के उपदेशों एवं सामाजिक समरसता पर आधारित विचारों का वाचन किया गया, जिसमें उनके द्वारा समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और असमानता के विरुद्ध किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे बाबा गुरु घासीदास जी के बताए सत्मार्ग पर चलते हुए समाज में समानता, सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि संघ की कार्यपद्धति में सामाजिक समरसता स्वाभाविक रूप से निहित है, जिसमें एक साथ भोजन, समान जीवनचर्या और एक लक्ष्य के लिए समर्पित होकर कार्य करना प्रमुख है।

कार्यक्रम में संदीप ताम्रकार, विकास खांडेकर, यशवंत सिंह परिहार, आकाश सोनी, निमेष देवांगन, विकास बुनकर, दिलीप देवांगन, करण साहू एवं रूप प्रकाश सहित बड़ी संख्या में संघ के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक प्रयास के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, आपसी आदर और राष्ट्रीय एकता के भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button