नगर पालिका परिषद मुंगेली की बैठक में 67 विकास कार्यों को मिली मंजूरी
सत्यमत –
मुंगेली / नगर पालिका परिषद मुंगेली की महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव की घोषणाओं को आधार बनाते हुए नगर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों द्वारा कुल 67 विकास कार्यों के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें से अधिकतर प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। अनुमोदित कार्यों में नया नगर पालिका भवन, नालंदा परिसर का निर्माण, पालिका बाजार जैसी महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाएँ शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर में जनसुविधाओं और व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। परिषद ने बताया कि आने वाले दिनों में करोड़ों रुपये की लागत से इन कार्यों को तेजी से प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक के दौरान नगर की आवश्यकताओं, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी पार्षदों ने विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर एकमत सहमति जताई और नगर के हित में सामूहिक प्रयास का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मोहन मल्लाह सहित परिषद के सभी पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि उपस्थित रहे। परिषद ने विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने और आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने हेतु उप मुख्यमंत्री अरुण साव, नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले और कलेक्टर कुंदन कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में सभी सदस्यों ने नगर के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया तथा आगामी कार्ययोजनाओं की प्राथमिकताएँ निर्धारित करते हुए बैठक का समापन किया।




