Breaking News

शासकीय नवीन महाविद्यालय फास्टरपुर में वार्षिक स्नेह सम्मेलन व पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास से संपन्न

सत्यमत-मुंगेली / सेतगंगा (फास्टरपुर)। शासकीय नवीन महाविद्यालय फास्टरपुर सेतगंगा, जिला मुंगेली में 2 मार्च 2026 को वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.के. मिश्रा ने सर्वप्रथम महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने महाविद्यालय के विकास के लिए सांस्कृतिक मंच निर्माण, विद्यार्थियों हेतु साइकिल स्टैंड, खिलाड़ियों के लिए क्रीड़ा मैदान तथा शैक्षणिक उन्नयन के तहत कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय को शासन द्वारा आवंटित लगभग 7 एकड़ 49 डेसिमल भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद एवं जिला प्रशासन से शीघ्र पहल करने की मांग की।

प्राचार्य डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को आगामी वार्षिक परीक्षा की तैयारी गंभीरता से करने तथा जीवन में निरंतर संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी अपनीत तिर्की (सहायक प्राध्यापक वाणिज्य) एवं श्रीमती ज्योति डहरिया (सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी) ने किया। वहीं पुरस्कार वितरण का दायित्व संजय कुमार बिंझवार ने निभाया।

वार्षिक उत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इनमें क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, क्विज, छत्तीसगढ़ी पाककला, केश सज्जा तथा मेहंदी प्रतियोगिता शामिल रहीं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ, महाविद्यालय के एलुमिनी तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े आशीष यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन के पश्चात महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने फाग कार्यक्रम के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली मिलन उत्सव मनाया तथा एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Related Articles

Back to top button