Breaking News

महाशिवरात्रि पर खर्राघाट मेले में लगा विधिक जागरूकता शिविर, नागरिकों को दी गई कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी

सत्यमत –मुंगेली / महाशिवरात्रि के अवसर पर रामगढ़, मुंगेली में आयोजित खर्राघाट मेले के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्रीमती गिरिजा देवी मरावी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में पैरालीगल वालंटियर्स द्वारा नागरिकों को विभिन्न विधिक विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।

विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की सचिव श्रीमती कंचनलता आचला ने बताया कि शिविर के दौरान उपस्थित जनसमूह को नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया, निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। मेले में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने इस विधिक जागरूकता शिविर में भाग लेकर अपने अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किए गए इस प्रयास की नागरिकों ने सराहना की और इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Related Articles

Back to top button