Breaking News
सखी वन स्टॉप में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, दंपत्ति विवाद का काउंसलिंग से हुआ समाधान
सत्यमत-मुंगेली / प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुंगेली द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती कंचन लता आचला ने बताया कि शिविर में महिलाओं एवं नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला संरक्षण संबंधी कानूनों, घरेलू हिंसा अधिनियम, पारिवारिक विवादों के वैधानिक समाधान तथा लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के पारिवारिक, सामाजिक अथवा कानूनी विवाद की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क परामर्श एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
शिविर के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर में पहुंचे एक वैवाहिक दंपत्ति, जो आपसी विवाद के चलते अलग होने की स्थिति में थे, उन्हें विधिक सलाह एवं परामर्श प्रदान किया गया। विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों को आपसी संवाद और समझ के महत्व से अवगत कराया गया, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप दंपत्ति ने आपसी मतभेद दूर कर साथ रहने का निर्णय लिया। उन्हें सुखी वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देकर घर भेजा गया। इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर का समस्त स्टाफ एवं पीएलवी (पैरालीगल वालंटियर्स) उपस्थित रहे।

