Breaking News

सम्मान और स्नेह के साथ फार्मासिस्ट सुशील कुमार पाण्डेय को दी विदाई

सत्यमत-मुंगेली / स्वास्थ्य विभाग मुंगेली के जिला स्टोर में पदस्थ फार्मासिस्ट ग्रेड-2 सुशील कुमार पाण्डेय के सेवानिवृत्त होने पर विभागीय कार्यालय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके दीर्घकालीन, निष्ठावान एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने कहा कि पाण्डेय ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सेवा-भाव के साथ कार्य किया। सहकर्मियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता एवं सहयोगात्मक व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

विदाई समारोह में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पाण्डेय के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में सुशील कुमार पाण्डेय ने सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग से मिला स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

समारोह के दौरान पाण्डेय को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, जिला नोडल अधिकारी आईडीएसपी डॉ. एस.पी.एस. सिदार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आर.एस. आयाम सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button