शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत
10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सत्यमत-मुंगेली / शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरपालिका मुंगेली में बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव का उत्साहपूर्वक हुआ आयोजन,कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद मुंगेली के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, विशिष्ट अतिथि महामाया वार्ड के पार्षद अरविंद वैष्णव तथा जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी संतोष घोषले सहित अन्य अतिथियों एवं पालकों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
प्राचार्य विजय सोनी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में अतिथियों का तिलक वंदन एवं पुष्पमाला से स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि जयप्रकाश मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश और समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी और पार्षद निधि से विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि अरविंद वैष्णव ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा के बल पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पार्षद मद से विद्यालय को वाटर कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष घोषले ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पुस्तक एवं स्कूल ड्रेस वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र हित में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यालय में स्टाफ संबंधी समस्याओं को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन किशन लाल देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती पुनीता मिश्रा ने किया। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगरपालिका मुंगेली के भूतपूर्व प्रधान पाठक प्रभाकांत शर्मा, प्रधान पाठिका श्रीमती राजकुमारी देवांगन सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं पालक उपस्थित रहे।





