परीक्षा पे चर्चा 2026 का लाइव टेलीकास्ट शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल छटन में हुआ प्रसारित
सत्यमत-मुंगेली / शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में आज परीक्षा पे चर्चा–2026 के एपिसोड का लाइव टेलीकास्ट प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को परीक्षा, जीवन और भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत को हमें अपना सपना बनाना चाहिए और इस सपने को साकार करने के लिए स्वयं पर भरोसा रखना सबसे आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की अमर कहानियों पर आधारित गेम्स विकसित करने का आह्वान करते हुए रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को कार्ल मार्क्स की बीमारी अर्थात् निराशा और कुंठा से दूर रहने की सलाह दी तथा कहा कि पढ़ाई और स्किल—दोनों के बीच संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वयं को केवल अंकों की कसौटी पर न कसें, बल्कि अपने सीखने की प्रक्रिया पर ध्यान दें।
प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को डायरी मेंटेन करने, टाइम मैनेजमेंट को अपनाने तथा परीक्षा के दौरान समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को हड़बड़ी में नहीं करना चाहिए, बल्कि अनुभव के आधार पर सरलता से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने जीवन में लाइफ स्किल और प्रोफेशनल स्किल के संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि जैसे खाने के तरीके अलग-अलग होते हैं, वैसे ही कार्य करने के तरीके भी हर व्यक्ति के अलग हो सकते हैं।
शिक्षकों के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि शिक्षक जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में ही यह स्पष्ट कर दें कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय सप्ताह में क्या पढ़ाया जाएगा, तो विद्यार्थी समय रहते अपनी तैयारी बेहतर ढंग से प्रारंभ कर सकते हैं।
कार्यक्रम अधिकारी मोहन उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा कही गई बातें विद्यार्थियों के मानसिक विकास और परीक्षा की तैयारी के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह मार्गदर्शन निश्चित रूप से विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ए. डी. अंचल सहित शिक्षकगण जयसिंह मरकाम, उमाकांत मिरी, अशोक सियारे, लालाराम घृतलहरे, मोहन उपाध्याय, अमीन सोनवानी एवं अन्य व्याख्याता उपस्थित रहे।





