खरीफ सीजन में खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने कृषि विभाग का औचक निरीक्षण
खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने जिलेभर में निरीक्षण अभियान जारी

सत्यमत-मुंगेली / खरीफ मौसम 2026 के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज की सुगमता से उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग लगातार निगरानी एवं निरीक्षण अभियान चला रहा है। संचालक कृषि, छत्तीसगढ़ रायपुर एवं कलेक्टर मुंगेली के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में जिले में खाद-बीज के भंडारण, वितरण एवं विक्रय की सतत निगरानी की जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार 9 जुलाई 2026 को कृषि विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न निजी एवं सहकारी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मैसर्स किसान मितान कृषि केंद्र, कृषि एजेंसी एंड ट्रेडिंग, नितिन कृषि केंद्र, राजपूत कृषि केंद्र, पटेल कृषि केंद्र (लोरमी), किशोर खाद भंडार (गोड़खाम्ही), सेवा सहकारी समिति (बोड़तराकला), किसान सेवा केंद्र (बरछा) तथा श्री किशोरी कृपा कृषि केंद्र (झगरहट्टा) का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान किसानों से चर्चा कर खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली गई। किसानों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दर पर यूरिया एवं एनपीके उर्वरक आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। वहीं कृषि केंद्र संचालकों को पात्र किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराने तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण दल में जिला उर्वरक निरीक्षक मनहरण कुर्रे, संजय कुमार सोनवानी, योगेश दुबे, निरजा कुलकर्णी एवं उर्वरक निरीक्षक हेमंत लाहोरे उपस्थित रहे। कृषि विभाग ने कहा है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निरीक्षण एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।



