Breaking News

बीआरसी कार्यालय पथरिया में गणित- विज्ञान क्विज में छात्रों का जलवा

पथरिया में गणित एवं विज्ञान क्विज प्रतियोगिता संपन्न

संपादक विकेश शुक्ला

सत्यमत-राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित

पथरिया। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय गणित एवं विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन बीआरसी कार्यालय में किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रतिभा मंडलोई के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें 13 जोन से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में एबीईओ रविपाल राठौर और बीआरसीसी अशोक यादव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात व्याख्याता पवन मिरे ने क्विज प्रतियोगिता के नियमों से प्रतिभागियों को अवगत कराया और पूरे कार्यक्रम का संचालन भी किया।

प्रतियोगिता में माध्यमिक, हाई स्कूल और उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों से गणित और विज्ञान विषय पर प्रश्न पूछे गए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच माध्यमिक स्तर पर विज्ञान विषय में पूर्व माध्यमिक शाला अमोरा की भगवती निषाद तथा गणित विषय में पूर्व माध्यमिक शाला पड़ियाइन के रामजी साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर विज्ञान विषय में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला की मंजू पात्रे और गणित विषय में हाई स्कूल जरेली की संजली अनंत ने प्रथम स्थान हासिल कर विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया, साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में व्याख्याता कोमल मरावी, पवन मिरे, शिक्षक अमित सोनी, मान सिंह राजपूत, अशोक मरावी, सीएसी रितेश सिंगरौल, प्राचार्य नागेश्वर सिंह, उत्तरा अनंत और सुजीत सोनी सम्मिलित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, स्कूली बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

Related Articles

Back to top button