जिले को मिली हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की सौगात
सत्यमत-मुंगेली / केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम’ योजना के तहत जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले की कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और त्वरित आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले को 07 अत्याधुनिक ‘डायल सीजी 112’ आपातकालीन वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों को जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गौरतलब है कि 18 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर के लिए 400 आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई थी। इसी श्रृंखला में जिले को भी 07 नए आधुनिक वाहन मिले हैं, जो अब जिले के विभिन्न थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेष पाठक मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक मोहले ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने वाली है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से दुर्घटना, अपराध या किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध होगी। विधायक ने इस पहल को सुरक्षा और त्वरित सहायता व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर ने कहा कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम के तहत मिले अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ये वाहन जिले की कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को नई मजबूती देंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि सूचना मिलते ही न्यूनतम समय में सहायता उपलब्ध कराई जाए। एसएसपी ने कहा कि पुलिसिंग को हाईटेक और क्विक-रिस्पॉन्सिव बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। इन वाहनों को जिले के प्रमुख एवं संवेदनशील थानों में तैनात किया जाएगा, जिससे पुलिस बल आधुनिक संसाधनों के साथ 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तैयार रहेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डायल 112 सेवा को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पुलिस विभाग एवं प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के समापन में विधायक एवं कलेक्टर को एसएसपी ने स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।






