Breaking News

पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, मुंगेली जिले के 86 हजार से अधिक किसानों को मिला लाभ

किसानों को प्रतिवर्ष 06 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे

सत्यमत-मुंगेली /  केंद्र सरकार द्वारा देश के किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 06 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा असम के गुवाहाटी में आयोजित किसान सम्मेलन के माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में 22वीं किस्त की राशि जारी की गई।

इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, मुंगेली जनपद पंचायत अध्यक्ष  मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कृषि उपसंचालक ने बताया कि योजना के तहत जिले के 86 हजार 150 से अधिक किसानों के बैंक खाते में लगभग 17 करोड़ 41 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इस दौरान जिले के सभी ग्राम पंचायतों में पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा किसानों को ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से कार्यक्रम से जोड़ा गया। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में किसानों को अन्य किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई।

22वीं किस्त की राशि मिलने पर किसानों ने जताया आभार

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि मिलने पर जिले के किसानों में हर्ष व्याप्त है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। ग्राम करही निवासी संतोष कुमार यादव ने बताया कि इस राशि का उपयोग वे खेती के लिए खाद-बीज खरीदने तथा खेती की तैयारी में करेंगे, जिससे उनकी खेती को मजबूती मिलेगी। ग्राम टिंगीपुर निवासी मोहनलाल मिरी ने भी योजना की किस्त मिलने पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त राशि से वे अपने खेत के लिए आवश्यक कृषि सामग्री खरीदेंगे और खेती के कार्यों में इसका उपयोग करेंगे।

 

 

इसी तरह ग्राम चमारी निवासी गोरेलाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के लिए बहुत सहायक साबित हो रही है। वे इस राशि का उपयोग बीज और खाद खरीदने में करेंगे। ग्राम भर्राकुंडा निवासी घनश्याम साहू ने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली राशि से किसानों को खेती के समय काफी सहारा मिलता है। इस राशि का उपयोग वे अपने खेत की जुताई और कृषि कार्यों में करेंगे। ग्राम चमारी निवासी गणपत सिंह राजपूत ने भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वे खेती से जुड़ी आवश्यक सामग्री खरीदने और फसल की देखभाल में करेंगे।

Related Articles

Back to top button