पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया इसरो श्रीहरिकोटा का शैक्षणिक भ्रमण
सत्यमत-मुंगेली / जिले के पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का शैक्षणिक दल आंध्रप्रदेश के श्री हरिकोटा स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख केंद्र सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र तथा स्पेस म्यूजियम के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना हुआ। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित वैज्ञानिक ज्ञान से आगे बढ़ाकर उसे वास्तविक जीवन और अंतरिक्ष विज्ञान की प्रयोगात्मक दुनिया से जोड़ना है।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी.डाहिरे ने बताया कि पीएमश्री सेजेस दाउपारा, पीएमश्री बी.आर.साव विद्यालय, पीएमश्री सेजेस पथरिया और पीएमश्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा के 04 विद्यार्थियों सहित 04 एस्कार्ट शिक्षक और नोडल अधिकारी एवं सहायक के दल को जिला कलेक्टोरेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर श्रीहरिकोटा के लिए 10 फरवरी को रवाना किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने 12 फरवरी को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र का शैक्षणिक अवलोकन किया। यहां उन्हें रॉकेट प्रक्षेपण प्रणाली, उपग्रह प्रक्षेपण यान, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली तथा स्पेस म्यूजियम में प्रदर्शित ऐतिहासिक उपलब्धियों की जानकारी दी गई। भ्रमण दल द्वारा स्थानीय पर्यटन स्थलों का भी अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद नागपुर होते हुए 15 फरवरी को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है, जहां से विद्यार्थी अपने-अपने निवास स्थान के लिए प्रस्थान करेंगे। इस भ्रमण कार्यक्रम से विद्यार्थी वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा तथा शोध एवं नवाचार के प्रति प्रेरित होंगे। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सामूहिकता और जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है। साथ ही, उन्हें देश की वैज्ञानिक प्रगति को निकट से देखने और समझने का अवसर मिलता है। यह शैक्षणिक यात्रा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।




