एसआईआर-2025 में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुंगेली जिले के अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

सत्यमत-jमुंगेली / भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभा कक्ष में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन आज किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी उपस्थित रहीं। साथ ही कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती जसविंदर कौर आजमानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, एसडीएम अजय शतरंज सहित समस्त ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अभिहित अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथियों को निर्वाचन विभाग द्वारा एस आई आर–2025 की कैप एवं “माई इंडिया, माई वोट – मैं भारत हूँ” बैज पहनाकर सम्मानित किया गय
जिला न्यायाधीश श्रीमती मेरावी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरी आवाज़, मेरा मतदान” लोकतंत्र की आत्मा है। मतदान हमारा अधिकार है और इसका सही उपयोग करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने मतदाताओं से जागरूक होकर मतदान करने, अपने मत का सही उपयोग कर सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 25 जनवरी 1950 को निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, इसी उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग तथा विशेष गहन पुनरीक्षण के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चुनाव से पूर्व पात्र हो चुके नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ना इसका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने एस आई आर–2025 के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अभियान में लगभग 90 प्रतिशत बीएलओ महिलाएं थीं, जिन्होंने मातृशक्ति के रूप में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाया। उन्होंने बताया कि अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ उप जिला निर्वाचन अधिकारी के लिए सम्मानित किया गया है। उन्होंने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दी।
वनमंडलाधिकारी ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है मतदाता सशक्त होंगे तभी लोकतंत्र मजबूत होगा उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने प्रेरित किया। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में एस आई आर–2025 का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस से ही मुंगेली जिला पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रहा, जो जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और टीम वर्क का प्रमाण है। कठिन चुनौतियों के बावजूद सभी ने गंभीरता एवं पूर्ण ऊर्जा के साथ कार्य किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए शपथ ली गई।
कार्यक्रम में एस.आई. आर. 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर सहित ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अभिहित अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में संलग्न 20 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही तीन नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड और नौ अभिहित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।






