Breaking News

लोरमी में पशु तस्करों की दबंगई: युवक कांग्रेस नेता दिलीप साहू और साथी पर हमला

शीघ्र न्याय नहीं मिला तो जिला युवा कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जाएगा

सत्यमत-लोरमी – छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के डिंडोरी ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप साहू एवं उनके साथी योगेश डहरिया पर बीती रात हुए जानलेवा हमले से जिले में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर घटना को लेकर युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश छैदईया ने लोरमी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे दिलीप साहू अपने साथी योगेश डहरिया के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम अमलडीहा के पास उन्होंने एक छोटा हाथी वाहन (क्रमांक MP20 GB 4759) को रोका, जिसमें अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही थी। पूछताछ करने पर वाहन में सवार तिरिथ साहू एवं उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने दिलीप साहू को जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके साथी योगेश डहरिया के साथ भी मारपीट की गई और जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें धमकाया गया। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा दोनों को जान से मारने की धमकी देने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी गई हैं, जिससे संगठन में रोष है। संगठन ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास एवं एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य कठोर धाराओं में तत्काल कार्रवाई की जाए।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदईया ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो जिला युवा कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button