Breaking News
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से अधिक बिजली बिल से मिली राहत
01 किलोवाट रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केंद्र से 30 हजार एवं राज्य से 15 हजार मिलाकर 45 हजार रुपए की सब्सिडी

सत्यमत-मुंगेली / प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से न केवल बिजली बिल में बचत हो रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह योजना ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रही है। योजना के माध्यम से लोग न केवल बिजली बचत कर रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुंगेली के नरेश शुक्ला ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 03 किलोवाट का रूफटॉप सोलर प्लांट अपने घर पर स्थापित कराया है।
सोलर प्लांट लगने के बाद प्रतिमाह होने वाले बिजली खर्च से बड़ी राहत मिली है। शुक्ला जी ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल अधिक आता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट लगवाने के बाद अब वे निश्चिंत होकर बिजली का उपयोग कर पा रहे हैं। उन्होंने इस योजना को आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
केन्द्र और राज्य की सब्सिडी से सोलर सिस्टम लगवाना हुआ आसान
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने पर योजना के तहत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। 01 किलोवाट रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केंद्र से 30 हजार एवं राज्य से 15 हजार मिलाकर 45 हजार रुपए की सब्सिडी, वहीं 02 किलोवाट पर कुल 90 हजार और 03 से 04 किलोवाट तक की क्षमता पर 01 लाख 08 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही कम ब्याज दर पर आसान किश्तों में बैंक फायनेंस की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए यह योजना और अधिक सुलभ बन गई है।





