अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, वार्ड 2 से पड़ाव चौक में सख्त कार्रवाई
नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं नजूल विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची

सत्यमत-मुंगेली। नगर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 में अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर तोड़ा गया, वहीं नगर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहे पड़ाव चौक में अतिक्रमण के खिलाफ देर शाम तक कार्रवाई जारी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 2 में निर्माणकर्ता रुचि जैन द्वारा निर्धारित अनुमति से अधिक निर्माण कराया गया था। इस संबंध में नगर पालिका को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। पूर्व में नगर पालिका द्वारा संबंधित निर्माणकर्ता को नोटिस भी जारी किया गया था। शिकायतों की जांच के बाद मामला
सही पाए जाने पर शुक्रवार सुबह नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं नजूल विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी, लेकिन पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि संबंधित निर्माण में अनुमति से अधिक निर्माण किया गया था। शिकायत मिलने के बाद जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में नगर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया। नगर के प्रमुख व्यावसायिक और यातायात केंद्र पड़ाव चौक में सड़क किनारे अवैध रूप से लगे अस्थायी दुकान को हटाया गया। लंबे समय से यहां अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित हो रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अतिक्रमण हटने के बाद सड़क क्षेत्र खुला नजर आया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है।







