सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, पेंशन एवं अन्य देयकों का किया गया भुगतान
लंबे शैक्षणिक अनुभव और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया

सत्यमत-मुंगेली / कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली में आयोजित एक कार्यक्रम में अर्धवार्षिक पूर्ण सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन, ग्रेच्युटी आदेश की प्रति सहित अन्य देयकों का भुगतान भी किया गया।
जानकारी के अनुसार नारायण दास भास्कर, प्रधान पाठक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला घोरपुरा तथा राम गोपाल वर्मा, प्रधान पाठक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चीनू बलौदी के अर्धवार्षिक पूर्ण सेवानिवृत्त होने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार बावरे ने दोनों शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संबंधित शिक्षकों को उनकी पेंशन, ग्रेच्युटी आदेश की प्रति, अवकाश नगदीकरण तथा जीआईएस (समूह बीमा) की राशि से संबंधित दस्तावेज एवं भुगतान प्रदान किया गया।
समारोह में कृष्ण कुमार वर्मा, प्रधान पाठक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला घुठेली, सुनीता लाल (लेखापाल), अजय निर्मलकर (लिपिक), नारायण दास मानिकपुरी (लिपिक), प्रदीप कश्यप (लिपिक) सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके लंबे शैक्षणिक अनुभव और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया।




