देशहा कुर्मी क्षत्रिय समाज महासभा का 40वां वार्षिक अधिवेशन हर्षोल्लास के साथ संपन्न
देशहा कुर्मी क्षत्रिय समाज का वार्षिक अधिवेशन: एकता, शिक्षा और सामाजिक उत्थान पर जोर

सत्यमत –मुंगेली। ग्राम बटहा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में दिनांक 15 मार्च 2026 को देशहा कुर्मी क्षत्रिय समाज महासभा का 40वां वार्षिक अधिवेशन (आमसभा) हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती एवं भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, युवाओं तथा मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकारिणी अध्यक्ष हीरा सिंह कश्यप ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उन्नति पर विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से आपसी सहयोग और भाईचारे को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष महेत्तर राम कश्यप, नीलकंठ एवं धर्मेंद्र कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज के युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक होने, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। कोषाध्यक्ष राम नारायण द्वारा संगठन की गतिविधियों एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी दी गई, वहीं महासचिव रामशंकर कश्यप ने समाज की आगामी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में समाज की चारों इकाइयों के अध्यक्ष भरत कश्यप, खदानंद वर्मा, भगत कश्यप एवं दुर्जन कश्यप ने भी अपने विचार रखते हुए समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया।
अधिवेशन के दौरान समाज के कुर्मी पुरोहित प्रशिक्षण प्राप्त सदस्यों, समाज के वरिष्ठ जनों तथा समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के योगदान को सराहा गया और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
इकाई सचिव मन्नू लाल, दिनेश कश्यप, नरेश, उमेश, राजेश तथा संयुक्त सचिव दौलत राम कश्यप, विनोद कश्यप, संतोष कश्यप एवं उमाशंकर कश्यप ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के समस्त स्वजातीय भाइयों, ग्रामवासियों एवं मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा। सभी के सहयोग और सहभागिता से यह 40वां वार्षिक अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में आयोजकों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, समाजजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा समाज की एकता, प्रगति और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया



