Breaking News

14 मार्च को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत, जिला न्यायालय में तैयारियों को लेकर बैठक

सत्यमत -मुंगेली /  नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के लिए रणनीति बनाने पर जोर दिया।

विशेष रूप से राजस्व मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, पक्षकारों की सुविधा, न्यायालय परिसर में व्यवस्था तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के विषय में भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती जसविंदर कौर अजमानी मलिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती कंचन लता आचला तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निराकरण किया जाता है, जिससे आम नागरिकों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय प्राप्त होता है।

Related Articles

Back to top button