Breaking News

पीएमश्री निर्माणाधीन स्कूल भवनों को जल्द पूरा करने और आधार पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय का संचालन 01 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा

सत्यमत-मुंगेली /  कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पीएम श्री योजनांतर्गत निर्माणाधीन स्कूल भवनों की प्रगति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में धीमी प्रगति और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम श्री योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि योजना के तहत आवश्यक निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। बैठक में कलेक्टर ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत सेचुरेशन प्वाइंट की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित स्कूलों का नियमित निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यार्थियों के आधार पंजीयन और एमबीयू अद्यतन कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नियमित बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जाए तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। साथ ही नवीन आधार पंजीयन और एमबीयू अद्यतन के कार्यों में लक्षित प्रगति हासिल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

 

बैठक में मुंगेली में केंद्रीय विद्यालय के संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय का संचालन 01 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button