एनएसएस शिविर के पाँचवे दिन प्रभातफेरी, स्वच्छता अभियान व साइबर सुरक्षा पर संगोष्ठी
सत्यमत – मुंगेली / शासकीय नवीन महाविद्यालय, फ़ास्टरपुर, जिला–मुंगेली के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पुरुष इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवे दिन विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
शिविर के पाँचवे दिन प्रातःकाल स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम में प्रभातफेरी निकालकर स्वच्छता एवं राष्ट्र सेवा के प्रति ग्रामवासियों को जागरूक किया गया। इसके पश्चात् प्रातःकालीन स्वल्पाहार के बाद स्वयंसेवकों ने गाँव के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया और ग्रामीणों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
इसी क्रम में दो दलों द्वारा शासकीय हाई स्कूल प्रांगण, पौनी में वृक्ष के चारों ओर 7×7 फीट का पक्का चबूतरा निर्माण कार्य किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
भोजन उपरांत आयोजित दोपहर की संगोष्ठी में ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता विज्ञान महाविद्यालय, मुंगेली के सहायक प्राध्यापक भारती सर रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से एसएनजी महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. मन्ना पटेल, क्रीड़ाधिकारी सी.पी. सिंह, शासकीय नवीन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अपनीत तिर्की एवं डॉ. जयप्रकाश सोनवानी उपस्थित थे।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को तकनीक के सुरक्षित उपयोग के साथ-साथ साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने अनजान नंबरों से आने वाले कॉल न उठाने, मोबाइल से संबंधित ओटीपी किसी को साझा न करने तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
संगोष्ठी के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार बिंझवार द्वारा सभी अतिथियों और वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




