नवरात्रि पर्व पर भक्तिमय माहौल, दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से सजा शहर, दुर्गा पंडालों में बढ़ी रौनक
संपादक विकेश शुक्ला
सत्यमत-

शारदीय नवरात्रि पर शहर में भक्तिमय माहौल, 30 से अधिक जगहों पर दुर्गा प्रतिमाएं विराजमान
मुंगेली / शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भक्तिमय वातावरण का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा की प्रतिमाएं शहरभर में 30 से अधिक स्थानों पर भव्य पंडालों में विराजमान की गई हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ पंडालों में उमड़ने लगी है। श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर विधिविधान से पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं। शहर के मंदिरों में भी मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है और मनोकामना दीप प्रज्वलित किए गए हैं।
शाम ढलते ही पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। श्रद्धालु हाथ जोड़कर माता की प्रतिमा के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। इस बार भी विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों द्वारा पंडालों के आसपास रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से आकर्षक सजावट की गई है, जिससे पूरा शहर रोशनी से नहा उठा है।
दुर्गा समितियों ने श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए विशेष ध्यान सजावट और व्यवस्थाओं पर दिया है। जगह-जगह लगाए गए भव्य पंडाल श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रहे हैं। वही सभी दुर्गा पंडालों में भोग भंडारा का प्रसाद वितरण किए जा रहे है।

शहर के प्रमुख समितियों ने भव्य पंडाल स्थापित किए हैं, उनमें नवनीत मंडल दुर्गामंडल समिति, ॐ श्री हनुमंत सेवा दुर्गोत्सव समिति, सिद्धिविनायक दुर्गोत्सव समिति, नवयुवक महामाया दुर्गोत्सव समिति, जागृति दुर्गोत्सव समिति, युवा शक्ति दुर्गोत्सव समिति,मां सर्वेश्वरी दुर्गोत्सव समिति, हरिओम दुर्गोत्सव समिति, नवयुवक दुर्गोत्सव समिति और मां आदिशक्ति दुर्गोत्सव समिति सहित अन्य समितियां शामिल हैं।
मां दुर्गा के दर्शन के लिए न सिर्फ शहरवासी बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे शहर में इन दिनों दुर्गोत्सव को लेकर आस्था और उल्लास का माहौल है।



