Breaking News
पालचुवा में अज्ञातों की करतूत, स्कूल भवन को पहुंचाया भारी नुकसान
अंधेरे में ‘शिक्षा के मंदिर’ पर हमला, स्कूल भवन ध्वस्त

सत्यमत-मुंगेली। जिले के ग्राम पालचुवा में बीती रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात लोगों ने प्राथमिक व मिडिल स्कूल भवन पर बुलडोजर चलाकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर अंजाम दी गई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित स्कूल के कई कमरों की दीवारें तोड़ दी गईं, जिससे भवन की संरचना को गंभीर क्षति पहुंची है। इस घटना के बाद स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। शिक्षा सत्र के बीच इस तरह की घटना ने स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने इसे “शिक्षा के मंदिर” पर हमला बताते हुए कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को इस तरह नुकसान पहुंचाना निंदनीय है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन को जब्त किया जाए और आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जाए। साथ ही स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों तक कब तक पहुंच पाता है।




