अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति द्वारा हनुमान जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया
गोल बाजार हनुमान मंदिर में धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
सत्यमत-

मुंगेली। अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति द्वारा हनुमान जयंती का पर्व नगर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर भगवान हनुमान के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। हनुमान जयंती के दिन को शक्ति, भक्ति और साहस के प्रतीक भगवान हनुमान के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसे लेकर नगर में धार्मिक वातावरण बना रहा।
नगर के गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तगण भगवान हनुमान के दर्शन और पूजन के लिए उत्सुक नजर आए। मंदिर परिसर में भक्ति भाव से ओत-प्रोत वातावरण रहा, जहां जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी क्रांति कुमार मिश्रा एवं स्वतंत्र मिश्रा तथा उनके परिवारजनों द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान हनुमान की भक्ति में लीन होकर भजन गाए।
कार्यक्रम के अंतर्गत हनुमत सहस्त्रनाम का पाठ कर लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया, जिसे पंडित सतीश पाठक द्वारा संपन्न कराया गया। अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति के सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें मंजू शर्मा, कल्पना मिश्रा, रश्मि तिवारी, अमिता मिश्रा, उर्वशी पाठक, करुणा पौराणिक, अर्पण त्रिपाठी, सरोज पाठक, रजनी पाठक, नीलिमा तिवारी, रानी मिश्रा, राजेश्वरी पाठक, स्वीटी पाठक, निशु मिश्रा, निधि पौराणिक, यामिनी मिश्रा, पूजा दुबे, नितिन दुबे, रितेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं विशेष सहयोगी उपस्थित रहे।




