शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटगांव में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सत्यमत-मुंगेली। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटगांव में वार्षिक उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच चोवाराम ओगरे एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन से हुई। इस अवसर पर सरपंच ओगरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा निखरकर सामने आती है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है।
वार्षिक उत्सव में स्कूली बच्चों ने पंथी नृत्य, राउत नाचा, करमा नृत्य एवं सोलो डांस की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित ग्रामीणों ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अमित सोनी एवं शिव कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रधानपाठक महेंद्र सिंह ठाकुर ने किया। इस अवसर पर भानू राम साहू, राजेश चतुर्वेदी, आनंद राम रात्रे, दीप्ती दुबे, प्रमिला कश्यप, पूजा गबेल, सरिता ध्रुव सहित विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






