शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में फाइलेरिया से बचाव हेतु टैबलेट वितरण
सत्यमत-मुंगेली / जिला चिकित्सा विभाग चौहान, मुंगेली से जारी निर्देशानुसार आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में फाइलेरिया से बचाव हेतु कक्षा नवमी से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं को दवा (टैबलेट) खिलाई गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से उपस्थित तारिणी साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि फाइलेरिया, जिसे आमतौर पर हाथी पांव कहा जाता है, एक गंभीर बीमारी है, जो क्यूलैक्स मच्छर के काटने से होती है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए हमें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए, नालियों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, क्योंकि गंदगी और ठहरे हुए पानी में मच्छर पनपते हैं, जो मानव जीवन के लिए घातक साबित हो सकते हैं।
शासन की योजना के तहत विद्यार्थियों को पहले से ही हाथी पांव जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह दवा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में निबंध एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में कुमारी रीमा साहू ने प्रथम तथा बिदेश्वरी सप्रे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में रीमा साहू प्रथम एवं सीता निषाद द्वितीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में फाइलेरिया जागरूकता के तहत नारों—
“दूषित जल को हटाना है, फाइलेरिया से बचाना है”
“गांव-गांव, घर-घर जाना है, फाइलेरिया की दवा खिलाना है”
के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्टाफ को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य ए.डी. अंचल, उमाकांत मिरी, अमीन सोनवानी, लालाराम घृतलहरे, सुषमा गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, ज्योति सिंह, लक्ष्मी नारायण जोशी, हेमचंद्र बारमते, राजकुमारी बंजारे, अनु साहू, मीर कंठ साहू, संतोष सप्रे, जेठू साहू एवं मोहन उपाध्याय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।







