गाड़ी की नंबर प्लेट पर लिखी जाति तो देना होगा मोटा जुर्माना, उत्तर प्रदेश में नया नियम लागू
सोशल मीडिया पर जाति आधारित कंटेंट पर भी रोक लगाई गई है।

संपादक विकेश शुक्ला
सत्यमत-ऐसा करने पर पांच हजार रुपये तक का चालान हो सकता है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पुलिस की लिखापढ़ी में अब किसी आरोपी की जाति का कॉलम नहीं भरा जाएगा। एफआईआर में भी इसे रिक्त छोड़ दिया जाएगा। एससी-एसटी एक्ट के मुकदमों को छोड़कर अन्य मामलों में वादी व आरोपी का उपनाम तो लिखा जाएगा पर उनकी जाति का कोई जिक्र नहीं होगा। गिरफ्तारी मेमो में भी आरोपी की जाति नहीं लिखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश में अब निजी वाहनों की नंबर प्लेट पर जाति लिखवाने पर जुर्माना लगेगा। ऐसा करने पर पांच हजार रुपये तक का चालान हो सकता है। पुलिस एफआईआर में भी आरोपी की जाति का उल्लेख नहीं करेगी सिर्फ एससी-एसटी एक्ट के मामलों में ही उपनाम लिखा जाएगा। सोशल मीडिया पर जाति आधारित कंटेंट पर भी रोक लगाई गई है।
डीजीपी राजीव कृष्ण का कहना है कि सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) के तहत आनलाइन एफआईआर दर्ज किए जाने के प्रोफार्मा से जाति का कॉलम हटाए जाने के लिए एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) को पत्र लिखा गया है।
पुलिस दस्तावेजों में जहां जाति दर्ज किए जाने का कॉलम था, वहां अब जाति का उल्लेख न किए जाने का निर्देश है। एफआईआर व अन्य दस्तावेजों में अब माता-पिता दोनों के नामों का उल्लेख करना होगा।
सीसीटीएनएस में माता के नाम का कॉलम भी बढ़ेगा। सीसीटीएनएस में बदलाव किए जाने तक जाति भरने से जुड़े गैर अनिवार्य कॉलम रिक्त छोड़ दिए जाएंगे।
वाहनों पर लिखी जाति तो होगा जुर्माना
इस आदेश के बाद अब वाहनों पर भी जाति नहीं लिखी जा सकेगी। वाहनों पर जाति आधारित स्लोगन व स्टीकर लगाने पर केंद्रीय मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान का निर्देश दिया गया है। नंबर प्लेट पर ऐसा लिखने पर पांच हजार रुपये तथा शीशे अथवा अन्य स्थान पर लिखने पर दो हजार रुपये का चालान होगा।
प्रदेश में अब जाति आधारित रैलियां भी नहीं होंगी। शासन ने प्रदेश में जातिगत भेदभाव खत्म करने के लिए पुलिस अभिलेखों के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर जाति के उल्लेख पर रोक लगाई है।
मुख्य सचिव दीपक कुमार ने रविवार को इसे लेकर शासनादेश जारी किया था, जिसके अनुसार जाति का नाम न दर्ज किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार थानों पर अपराधियों की जानकारी रखने के लिए रजिस्टर नंबर चार में आरोपियों की जाति दर्ज की जाती है।




