Breaking News

डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र कॉलेज में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम का साप्ताहिक प्रशिक्षण सम्पन्न

सत्यमत- मुंगेली / डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में 1 से 6 दिसंबर 2025 तक महिंद्रा प्राइड क्लासरूम (Mahindra Pride Classroom) के अंतर्गत एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण महाविद्यालय और नांदी फ़ाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. शोभित कुमार बाजपेयी एवं संयोजक तृप्ति लकड़ा के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के तहत रायपुर से आए प्रशिक्षक अभिषेक विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को अंग्रेज़ी संचार, कंप्यूटर ज्ञान, डिजिटल कौशल तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया।

उन्होंने छात्रों को आधुनिक तकनीक के उपयोग, बुनियादी कंप्यूटर संचालन, इंटरनेट उपयोग, टाइपिंग, डिजिटल व्यवहार, तथा इंटरव्यू में आत्मविश्वास के साथ संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।

कार्यक्रम के अंतिम दिन नांदी फ़ाउंडेशन द्वारा छात्रों के लिए टेस्ट इंटरव्यू का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की कंप्यूटर दक्षता, अंग्रेज़ी संचार क्षमता और व्यक्तित्व प्रस्तुति का मूल्यांकन किया गया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और सीख का प्रभावी प्रदर्शन किया।

महाविद्यालय प्रशासन ने प्रशिक्षक अभिषेक विश्वकर्मा एवं नांदी फ़ाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का कौशल विकास प्रशिक्षण विद्यार्थियों के करियर निर्माण और रोजगार क्षमता को बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Related Articles

Back to top button