Breaking News
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन: सरसों फसल पर समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन प्रशिक्षण आयोजित

सत्यमत- मुंगेली / शासन द्वारा तिलहन फसलों के रकबे, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के विशेष तिलहन घटक अंतर्गत किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, मुंगेली द्वारा ग्राम करही में सरसों की उन्नत किस्म डीआरएमआर 2017-15 (राधिका) पर समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत किसानों को उन्नत किस्म के बीज वितरित किए गए तथा सरसों की वैज्ञानिक खेती से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र में विषय वस्तु विशेषज्ञ (कृषि प्रसार) श्रीमती नेहा लहरे ने तिलहन उत्पादन हेतु उपयुक्त भूमि एवं जलवायु, उन्नत किस्मों का चयन, भूमि तैयारी, बीजोपचार तथा अन्य वैज्ञानिक विधियों पर मार्गदर्शन दिया। वहीं विषय वस्तु विशेषज्ञ (पौध रोग विज्ञान) एस. के. लहरे ने मिट्टी परीक्षण के लाभ, बुवाई समय, बीज दर, बुवाई की विधि, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, निंदाई-गुड़ाई, प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान और नियंत्रण उपायों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण के उपरांत किसानों को सरसों का बीज वितरण किया गया तथा प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रदर्शन लगाने हेतु उपयुक्त खेतों का चयन किया गया। किसानों को खेत में अपनाई जाने वाली आवश्यक कृषि क्रियाओं एवं तकनीकी सुझावों से अवगत कराया गया, जिससे वे उत्पादन को अधिक वैज्ञानिक, उन्नत और लाभकारी बना सकें। कार्यक्रम में सरपंच कमलेश्वर बंजारे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शुक्ला एवं चेतन कुर्रे और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।



