Breaking News

जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने व जल का महत्व बताने जल अर्पण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

सत्यमत-मुंगेली /  जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और ग्रामीणों को जल का महत्व बताते हुए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत लिम्हा में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक  पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय,

उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। इस दौरान धरमपुरा, गीधा, लिम्हा, लिलवाकापा और सिंगबांधा ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण होने पर के सरपंचों को हस्तांतरित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई। इसके पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम व छत्तीसगढ़ की अस्मिता के प्रतीक राज्यगीत “अरपा पैरी के धार” का सामूहिक गायन हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना से सराबोर हो गया। इसके पश्चात विधायक मोहले ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संरक्षण को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है, और प्रत्येक नागरिक को जल के प्रति संवेदनशील बनना होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने पानी को बचाने ग्रामीणो को प्रेरित किया।

कलेक्टर ने कहा कि जल ही जीवन है, जल के बिना जीवन सम्भव ही नहीं है, इसलिए जल को बचाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने “मोर गाँव-मोर पानी” महाअभियान की जानकारी दी और ग्रामीणों को जल के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल का दुरूपयोग नहीं करने समझाइश दी। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि नरेगा योजना के अंतर्गत सैंड फिल्टर, आजीविका डबरी, सोखता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप गड्ढा, वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं एवं भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्यों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जल समितियों एवं सक्रिय ग्रामीणों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता (ईई) द्वारा जल जीवन मिशन की प्रगति, तकनीकी पहलुओं तथा योजना के दूरगामी लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि मिशन की वास्तविक सफलता तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक जल के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी समझे और उसे निभाए। कार्यक्रम के अंत में जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण, जल स्रोतों की

स्वच्छता बनाए रखने, जल अपव्यय रोकने तथा भावी पीढ़ी के लिए जल-सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने सामूहिक संकल्प लिया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा जल संरक्षण के संबंध में रैली, नारा लेखन व पेंटिंग के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। समापन में अतिथियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button